अमरोहा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार यादव ने ट्रैफिक पुलिस के साथ किया निरीक्षण
अमरोहा। अमरोहा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) दिनेश कुमार यादव ने ट्रैफिक पुलिस टीम के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और आम नागरिकों की सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग तथा यातायात में बाधा बनने वाले कारणों का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्था सुधारने तथा आमजन को सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अधिशासी अधिकारी ने कहा कि शहर में स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिकता है। इसके लिए नगर पालिका और ट्रैफिक पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने, सड़क व्यवस्था सुधारने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य करेंगे।
इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान नगर पालिका और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने तथा शहर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
